abc newz । special report
बिलासपुर : (छत्तीसगढ़) बिलासपुर शहर की सड़कों की हालत एक बार फिर सरकारी दावों की पोल खोल रही है। करोड़ों रुपयों के बजट , अधिकारियों की लंबी–चौड़ी व्यवस्था और नियमित मॉनिटरिंग के दावों के बावजूद शहर की कई प्रमुख सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं।

मंगला चौक से दीनदयाल कॉलोनी होते हुए उसलापुर रेलवे स्टेशन तक जाने वाला प्रमुख मार्ग हो या हाइटेक बस स्टैंड के सामने से यदुनंदन नगर और मेंड्रा गांव की ओर जाने वाली सड़क–दोनों की हालत इतनी ख़राब है कि हज़ारों लोगों को जान जोख़िम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब PWD डिवीजन–1 और डिवीजन–2 में कार्यपालन अभियंता , एसडीओ , सब इंजीनियर और तकनीकी अमले की पूरी व्यवस्था मौजूद है , तब इन सड़कों की नियमित निगरानी क्यों नहीं हुई ? यदि सड़कें ख़राब हो रही थीं तो समय रहते patchwork और रखरखाव क्यों नहीं किया गया ?
बिलासपुर संभाग में PWD का मुख्य अभियंता (CE) और अधीक्षण अभियंता (SE) का कार्यालय भी मौजूद है। इसके बावजूद यदि प्रमुख शहरी सड़कें पहली ही बरसात में उखड़ जाएं , तो यह केवल निर्माण गुणवत्ता का नहीं बल्कि निरीक्षण , रखरखाव और प्रशासनिक जवाबदेही का भी गंभीर प्रश्न बन जाता है।

रायपुर स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) के विभागीय सचिव और इंजीनियर–इन–चीफ (EnC) की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे ये समीक्षा करें कि बिलासपुर में सड़क रखरखाव की व्यवस्था आखिर क्यों विफल हो रही है। क्या संबंधित सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव और अनुमान (estimate) तैयार किए गए हैं ? यदि किए गए हैं तो मंजूरी और कार्य प्रारंभ में देरी क्यों हो रही है ? और यदि अभी तक प्रस्ताव ही नहीं बने हैं , तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है ?
ख़राब सड़कें केवल असुविधा नहीं हैं। लगातार गड्ढों से गुजरने के कारण सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं , वाहनों के सस्पेंशन और टायर तेज़ी से ख़राब हो रहे हैं , ईंधन की अतिरिक्त खपत हो रही है और लोगों को लगातार झटके लगने से स्वास्थ पर भी गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।

बिलासपुर की जनता का सवाल सीधा है–जब बजट , विभाग , अधिकारी और समीक्षा बैठकें सब मौजूद हैं , तो अच्छी और सुरक्षित सड़कें अब तक क्यों नहीं मिल पाईं ? इसका जवाब सरकार और संबंधित विभागों को तथ्यों के साथ देना होगा।
abc newz को आप अब हमारे you tube और instagram में follow कर सकते हैं…abcnewz_india


