भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापारिक बातचीत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान सामने आया है। ट्रंप ने कहा है कि ” we are making a lot of money with india ” (हम भारत से बहुत पैसा कमा रहे हैं) । ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच बड़े व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्षों तक भारत ने अमेरिका पर भारी टैक्स लगाए और अमेरिका को नुकसान उठाना पड़ा। लेकिन हालात बदल रहे हैं और अमेरिका भारत के साथ व्यापार से अच्छा लाभ कमा रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता लगभग तय है और दोनों देश जल्द ही किसी बड़े समझौते पर पहुंच सकते हैं।

ट्रंप ने नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें अपना अच्छा मित्र बताया और कहा कि दोनों देशों के रिश्ते मजबूत हैं , इसलिए व्यापार समझौते को लेकर उन्हें पूरा भरोसा है।
हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह बयान राजनीतिक और कूटनीतिक संदेश भी हो सकता है। अमेरिका लंबे समय से भारत से आयात होने वाले उत्पादों , टैरिफ व्यवस्था और बाज़ार मूल्य जैसे मुद्दों को उठाता रहा है।
दूसरी ओर भारत भी अपने उद्योगों , किसानों और घरेलू बाज़ार के हितों को ध्यान में रखते हुए बातचीत कर रहा है। अमेरिका और भारत में होने वाली व्यापार डील को लेकर किसान संगठनों ने विरोध भी किया है। ऐसे में प्रस्तावित व्यापार समझौते का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

इसी बीच अमेरिका ने भारत सहित कई देशों पर अतिरिक्त शुल्क (टैरिफ) लगाने की संभावना भी जताई है , जिससे व्यापार वार्ता और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा या फिर अमेरिका के आर्थिक हितों को ज्यादा मजबूती मिलेगी ?
फिलहाल दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच चल रही यह बातचीत वैश्विक व्यापार जगत की नज़रों में बनी हुई है।
abc newz को आप अब हमारे you tube और instagram में follow कर सकते हैं…abcnewz_india

