कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र में SECL के एक अधिकारी पर महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार , जातिगत अपमान , गाली–गलौज और धमकी देने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। मामला मकान के मुआवजे , बसाहट और पुनर्वास से जुड़े अधिकारों की मांग का है। पीड़ित महिलाओं ने दीपका थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज़ करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला ?
शिकायतकर्ता चंद्रकली पटेल , ललिता जगत , दिव्या जगत , सविता केेंवट , नीतू मरार और नेहा पटेल , ग्राम सुआबोड़ी , तहसील हरदीबाजार जिला कोरबा की निवासी हैं।
महिलाओं के मुताबिक , उन्होंने अपने मकान , बसाहट , मुआवजे और पुनर्वास से संबंधित मांगों को लेकर दिनांक 7.09.2026 को कलेक्टर कोरबा जन चौपाल में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस आवेदन के संबंध में कलेक्टर कार्यालय से SECL दीपका क्षेत्र कार्यालय को प्रकरण भेजा गया था।

आरोप है कि इसके बाद SECL दीपका क्षेत्र कार्यालय में पदस्थ डिप्टी मैनेजर mining सुशील कुमार साहू ने महिलाओं को फोन करके कार्यालय बुलाया।
महिलाओं का कहना है कि वे 17 नवंबर 2026 को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच अधिकार सुशील कुमार साहू से अपने आवेदन की स्थिति , मकान के मुआवजे और बसाहट के अधिकारों की जानकारी लेने पहुंची थीं।
अधिकारी पर अभद्रता और जातिगत अपमान के आरोप
* पुलिस अधीक्षक कोरबा को की गई शिकायत में महिलाओं ने आरोप लगाया है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्या रख रही थीं , लेकिन इसी दौरान डिप्टी मैनेजर mining सुशील कुमार साहू ने उनके साथ अपमानजनक और अभद्र भाषाओं का उपयोग करना शुरू कर दिया।
* महिलाओं के अनुसार , दिव्या जगत अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रही थीं। अधिकारी सुशील कुमार साहू को संदेह हुआ कि वह बातचीत का वीडियो बना रही है। आरोप है कि इसी बात पर अधिकारी ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया और काउंटर पर रख दिया।
* शिकायतकर्ता महिलाओं का आरोप है कि सुशील कुमार साहू ने उन्हें अपात्र बताते हुए कार्यालय से चले जाने को कहा। साथ की कथित तौर पर उन्हें अनपढ़ , गंवार और आदिवासी महिला कहकर अपमानित किया और उनके अधिकारों को लेकर जातिगत अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
* महिलाओं का यह भी आरोप है कि अधिकारी ने पुलिस कार्यवाही की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम से वे भयभीत और मानसिक रूप से परेशान हो गई।
हालांकि , इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित अधिकारी का पक्ष आना अभी बाकी है।
दीपका थाने में शिकायत , CCTV footage सुरक्षित रखने की मांग
* घटना के बाद महिलाओं ने दीपका थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की है।
* शिकायत में विशेष रूप से SECL दीपका क्षेत्र कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की मांग की गई है ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
* महिलाओं का कहना है कि उन्होंने किसी प्रकार का विवाद या कानून–व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास नहीं किया था। वे केवल अपने मकान , मुआवजे और पुनर्वास से जुड़े वैधानिक अधिकारों की जानकारी लेने गई थीं।
* शिकायतकर्ता महिलाओं का दावा है कि आवेदन देने के बावजूद अब तक उन्हें FIR दर्ज़ होने अथवा ठोस कार्यवाही की जानकारी नहीं मिली है।
अब SECL प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से सवाल
इस पूरे मामले में कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े हो रहे हैं।
* क्या SECL कार्यालय में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाली महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना उचित है ?
* क्या डिप्टी मैनेजर mining सुशील कुमार साहू के ऊपर समयबद्ध उचित कार्यवाही नहीं की जानी चाहिए ?
* क्या दिव्या जगत का मोबाइल फोन छीना गया था ? यदि हां , तो क्या यह घटना CCTV में दर्ज़ है ?
* महिलाओं की शिकायत पर दीपका पुलिस ने अब तक क्या कार्यवाही की है ?
* क्या SECL प्रबंधन इस पूरे मामले की विभागीय जांच कराएगा ?
कानूनी पक्ष : यदि शिकायत में जातिसूचक अपमान के आरोप हैं , तो पुलिस को घटना के स्थान , प्रयुक्त शब्दों , गवाहों , और अन्य परिस्थितियों की जांच करनी चाहिए। तथ्यों के आधार पर SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1) (r) और 3(1) (s) की प्रयोज्यता भी जांची जा सकती है। केवल किसी व्यक्ति के आदिवासी होने या अपमानित महसूस करने से ये धाराएं स्वतः लागू नहीं होतीं : कानून में निर्धारित आवश्यक तत्वों की पुष्टि जरूरी है।
सवाल यह है कि जिन महिलाओं को अपने मकान , मुआवजे और पुनर्वास के अधिकारों के लिए सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं , क्या उनकी शिकायतों को सम्मानपूर्वक सुनना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी नहीं है ?
अब देखना होगा कि कोरबा जिला प्रशासन , दीपका पुलिस और SECL प्रबंधन इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
हमारे you tube और instagram को follow और subscribe करें…abc newz _india


